Wednesday, October 21st, 2026

काइल जेमीसन हुए मालामाल, IPL 2021 ऑक्शन के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी

नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के चेन्नई में ऑक्शन जारी है। क्रिस मौरिस युवराज सिंह को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मौरिस के बाद न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर काइल जेमीसन इस साल जारी नीलामी के दूसरे सबसे महंगे प्लेयर बन गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के बीच काफी देर तक घमासान के बाद आखिरकार बैंगलोर की टीम ने उनको 15 करोड़ में खरीदा।  जेमीसन के लिए कई टीमों ने शुरुआत में बोली लगाई, लेकिन आखिरी में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच में जबर्दस्त टक्कर देखने को मिली। जेमीसन बल्ले और गेंद दोनों से ही धमाकेदार प्रदर्शन कर सकते हैं और हाल में ही उनका प्रदर्शन कीवी टीम की तरफ से बेमिसाल रहा था। यही वजह रही कि कई फ्रेंचाइजी उनको टीम में शामिल करने के लिए भिड़ती दिखाईं दीं। जेमीसन ने ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ा, जिनको बैंगलोर ने ही 14.25 करोड़ में खरीदा है। मैक्सवेल और जेमीसन दोनों आईपीएल 2021 में एकसाथ खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि, आरोन फिंच, जेसन रॉय, एलेक्स हेल्स जैसे खिलाड़ियों को अभी तक कोई खरीददार नहीं मिल सका है। भारत की तरफ से  कृष्णप्पा गौतम आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने, जबकि शाहरुख खान को पंजाब किंग्स की टीम ने 5.25 करोड़ में खरीदा। 

 

#काइल जेमीसन

Source : Agency

पाठको की राय